माही की गूंज, आम्बुआ।
बुधवार को मुस्लिम समाज द्वारा पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया सुबह से ही कस्बे में उत्सव का माहौल नजर आया। छोटे-बड़े सभी लोग रंग-बिरंगी पोशाकों में सज-धजकर हाथों में झंडे लिए मस्जिद की ओर पहुंचते दिखाई दिए।
मुस्लिम जमात आम्बुआ के सदर जनाब शकील अहमद कुरैशी ने बताया कि, ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर मस्जिद से विशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व मौलाना हाफिज जनाब इरशाद शेख एवं मौलाना हाफिज गुलाम अली शेख ने किया। डीजे की धुन के साथ निकले जुलूस में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। छोटे-छोटे बच्चे हाथों में झंडे लेकर उत्साह के साथ जुलूस में चल रहे थे। जगह-जगह आतिशबाजी भी की गई।
जुलूस कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंचा, जहां भील सेना के प्रदेश अध्यक्ष रमेश बघेल द्वारा पुष्पवर्षा एवं हार-माला पहनाकर जुलूस का स्वागत किया गया। इसके बाद जुलूस पुनः मस्जिद प्रांगण पहुंचा, जहां समापन किया गया।
समापन के बाद बच्चों को चॉकलेट एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। इसके पश्चात मस्जिद में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की विशेष नमाज अदा की गई तथा देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ की गई। पर्व के अवसर पर समाजजनों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी।
