Tuesday, 06 ,October 2026
RNI No. MPHIN/2018/76422
: mahikigunj@gmail.com
Contact Info

HeadLines

482 छात्राओं की नेत्र जांच, 16 बेटियों की शिक्षा का जिम्मा | मेंटेनेंस के नाम पर लंबी बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान | सेवा सकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम सम्पन्न | जर्जर भवन में संचालित हो रही ग्राम पंचायत | गांधी जयंती पर विशेष ग्राम सभा सम्पन्न | गांधी जयंती पर चला वृहद स्वच्छता अभियान | विधायक, ग्रामीणों के साथ कलेक्टर से मिलीं | खुला पड़ा गड्ढा दुर्घटना को दे रहा आमंत्रण | जर्जर भवनों को गिराने की प्रक्रिया शुरू | अनंत चतुर्दशी पर गूंजा ‘गणपति बप्पा मोरया’, जुलूस के साथ हुआ गणेश प्रतिमा का विसर्जन...!! | मूलभूत सुविधाओं से वंचित शासकीय स्कूले | नवरात्रि पर्व को लेकर रोग्या देवी मंदिर पर समिति का गठन, अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष का किया चयन | अनाथ बच्चों की मदद को आगे आए जनप्रतिनिधि | धूमधाम से मनाया गया ईद-ए-मिलाद-उन-नबी | प्रशासनिक फेरबदल एसडीएम तनुश्री मीणा को बालाघाट सीईओ की कमान | श्री सिद्धेश्वर महिला मंडल ने निकाली कावड़ यात्रा | हर घर तिरंगा अभियान के तहत् लायंस क्लब के तत्वाधान में निबन्ध प्रतियोगिता आयोजित | ट्रक की चपेट में आई बाईक 2 की दर्दनाक मौत | आर्यिका 105 श्री विनम्रज्योति माताजी का सल्लेखना पूर्वक उत्कृष्ट समाधि मरण | शहर में चोरों का आतंक, तीन घरों के ताले टूटे, एक से 2.60 लाख नकद और जेवरात चोरी |

मेंटेनेंस के नाम पर लंबी बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान
05, Oct 2026 8 hours ago

image

व्हाट्सऐप पर सूचना देकर विभाग की इतिश्री, निर्धारित समय से तीन घंटे अधिक बंद रही बिजली

माही की गूंज, खवासा।

    खवासा विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न फीडरों पर इन दिनों मेंटेनेंस के नाम पर बार-बार की जा रही बिजली कटौती से ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं। दिन में तेज गर्मी के बीच घंटों बिजली बंद रहने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग केवल व्हाट्सऐप पर सूचना जारी कर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेता है, जबकि बिजली आपूर्ति निर्धारित समय से काफी देर बाद बहाल की जाती है।

    ग्रामीण हवसिंह डामर, दिटू कटारा, मोहन जादव, कुलदीप चावड़ा, लोकेन्द्र सहित अन्य लोगों ने बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे विद्युत विभाग द्वारा व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा गया था, जिसमें पोस्ट मानसून मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक 33/11 केवी लाइन एवं संबंधित फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद रहने की सूचना दी गई थी। लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी बिजली चालू नहीं हुई और कई ग्रामीण बिजली आने की उम्मीद में खेतों पर इंतजार करते रहे।

    ग्रामीणों का कहना है कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग व्हाट्सऐप का उपयोग नहीं करते, जिससे उन्हें समय पर सूचना नहीं मिल पाती। वहीं, जिन लोगों को सूचना मिलती है, उन्हें भी घोषित समय से अधिक बिजली बंद रहने के कारण परेशानी उठानी पड़ती है।

    बिजली कटौती के कारण घरों में पानी की व्यवस्था प्रभावित हुई, पंखे और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहे। गर्मी के चलते बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा।

    ग्रामीणों ने कहा कि यदि विभाग किसी निश्चित अवधि के लिए मेंटेनेंस कार्य की सूचना देता है तो उसी समय-सीमा में कार्य पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल की जानी चाहिए। लेकिन बार-बार निर्धारित समय से अधिक कटौती होने से यह सवाल उठ रहा है कि मेंटेनेंस कार्य की निगरानी कैसे की जा रही है और इसमें इतना अतिरिक्त समय क्यों लग रहा है।

    समाचार लिखे जाने तक दोपहर करीब 3 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। यानी विभाग द्वारा जारी संदेश में बताए गए समय से लगभग तीन घंटे बाद बिजली चालू हुई।

    मामले को लेकर माही की गूंज ने खवासा विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर अमित यादव से चर्चा की। उन्होंने बताया कि मेंटेनेंस कार्य निर्धारित समय से अधिक चल रहा है और विभिन्न स्थानों पर क्रमवार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से शुरू कर दी जाएगी। हालांकि निर्धारित समय से अधिक विलंब होने के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी और केवल इतना कहा कि बिजली जल्द चालू हो जाएगी।

    ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मेंटेनेंस कार्य के दौरान समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्य पूर्ण होते ही तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि अनावश्यक और लंबी बिजली कटौती से लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि गर्मी के इस दौर में बिजली केवल सुविधा नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे में बार-बार और लंबे समय तक बिजली बंद रहने से आमजन की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं।



माही की गूंज समाचार पत्र एवं न्यूज़ पोर्टल की एजेंसी, समाचार व विज्ञापन के लिए संपर्क करे... मो. 9589882798 |