लायंस क्लब के सेवा सप्ताह में स्वास्थ्य और शिक्षा को मिला सहयोग
माही की गूंज, थांदला।
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत लायंस क्लब थांदला द्वारा 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक आयोजित सेवा सप्ताह के चौथे दिन पीएमश्री विद्यालय में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सिविल अस्पताल के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. राजू नायक द्वारा 482 छात्राओं की आंखों की जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर पीएमश्री विद्यालय के प्राचार्य एस.एन. श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्राध्यापक स्वाति आचार्य, लायंस क्लब थांदला के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश बजाज, पूर्व अध्यक्ष उमेश पींचा, पूर्व अध्यक्ष प्रशांत उपाध्याय तथा सेवा सप्ताह संयोजक सुधीर शर्मा सहित विद्यालय परिवार एवं क्लब सदस्य उपस्थित रहे।
प्राचार्य एस.एन. श्रीवास्तव ने कहा कि, आदिवासी अंचल में लायंस क्लब थांदला द्वारा सेवा सप्ताह के माध्यम से किए जा रहे जनहितकारी कार्य सराहनीय हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और भविष्य दोनों के लिए लाभदायक सिद्ध होंगे।
पूर्व अध्यक्ष उमेश पींचा ने बताया कि लायंस क्लब इंटरनेशनल द्वारा प्रतिवर्ष सेवा सप्ताह आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में थांदला क्लब द्वारा छात्राओं के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब थांदला के अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश बजाज ने घोषणा की कि क्लब 11 आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं की शिक्षा का संपूर्ण खर्च वहन करेगा। वहीं पूर्व अध्यक्ष एवं ब्लड डोनेटर ग्रुप प्रमुख तथा मीनाक्षी महेंद्र उपाध्याय सेवा समिति के अध्यक्ष प्रशांत उपाध्याय (मोंटू बाबा) ने समिति की ओर से 5 छात्राओं की वर्षभर की शैक्षणिक आवश्यकताओं का खर्च उठाने की घोषणा की।
इस प्रकार सेवा सप्ताह के दौरान कुल 16 बेटियों की शिक्षा में सहयोग का संकल्प लिया गया, जिससे उनकी पढ़ाई बिना किसी आर्थिक बाधा के जारी रह सकेगी।
कार्यक्रम में श्रीमती मनोरमा भाबर, स्वाति आचार्य, अब्दुल कादिर खान, सोनल बामनिया, जितेंद्र कटारा, गुंजन भट्ट, रेखा अड़ सहित विद्यालय का स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन पंडित दीपेंद्र समाधियां ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रशांत उपाध्याय ने व्यक्त किया।
