माही की गूंज, झाबुआ।
भारतीय जनता पार्टी के बारे में कहा जाता है कि पार्टी की रणनीति ऐन वक्त पर बदलती रहती है और भाजपा हमेशा चौंकाने वाले फैसले लेती रही है, चाहे राष्ट्रपति का प्रत्याशी हो, चाहे किसी विधानसभा या स्थानीय निकाय का प्रत्याशी हो। पार्टी ने कई अचरज भरे फैसले लिए हैं। यहाँ तक कि पार्टी ने मुख्यमंत्री पद पर भी कई बार राजनीति के पंडितों को झूठा साबित करते हुए नए और अनजान चेहरों पर दाँव लगाया है, जिससे यह साबित होता है कि पार्टी में पहले से तय कुछ नहीं होता है। पार्टी ऐन वक्त पर ही अप्रत्याशित फैसले लेती है।
लेकिन पिछले दिनों खवासा क्षेत्रवासियों के नर्मदा जल सत्याग्रह की खबर और कलेक्टर और विधायक को दिए गए आवेदन के पश्चात 2023 में भाजपा की ओर से प्रत्याशी रहे कलसिंह भाबर अचानक प्रकट हो गए और उन्होंने खवासा ग्राम पंचायत भवन पर प्रेसवार्ता का आयोजन रखा और दावा कर दिया कि अगर उन्होंने खवासा क्षेत्रवासियों की पेयजल और सिंचाई व्यवस्था के लिए पानी की व्यवस्था नहीं की, तो वे खवासा क्षेत्र में वोट मांगने नहीं आएंगे...? यही नहीं, उन्होंने क्षेत्रवासियों के जनप्रतिनिधियों को, जो नर्मदा या माही के जल के लिए धरना-प्रदर्शन करने वाले हैं, उन्हें असंतुष्टों का जमावड़ा कहकर अपनी ही पार्टी के जनप्रतिनिधियों को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की है।
पूर्व विधायक और वर्तमान में प्रदेश भाजपा प्रवक्ता के इस बयान के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। कुछ लोग इसे मास्टर स्ट्रोक बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे सेल्फ गोल भी कह रहे हैं। वहीं, कुछ इसे आत्मविश्वास बता रहे हैं और कुछ लोग अति आत्मविश्वास। अब यह तो समय आने पर ही पता चलेगा कि यह मास्टर स्ट्रोक या आत्मविश्वास था या सेल्फ गोल या अति आत्मविश्वास था। लेकिन पूर्व विधायक की इस पत्रकारवार्ता के बाद भाजपा की आंतरिक राजनीति की पोल अवश्य खुल गई है।
उल्लेखनीय है कि नर्मदा परियोजना 2018 से प्रारंभ हुई और विगत वर्षों में खवासा क्षेत्र की महिलाओं ने खाली बर्तनों की रैली के साथ प्रभावी प्रदर्शन कर नर्मदा परियोजना का एक आउटलेट खवासा के बड़े तालाब में देने की मांग की थी और मौके पर परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने मांग के समर्थन के साथ उचित कार्यवाही का आश्वासन भी दिया था, लेकिन कोई हल नहीं निकला, जिसके बाद खवासा बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन भी आयोजित किया था, जिसमें परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया था, जो कि मात्र आश्वासन ही साबित हुआ। और बाद में पत्र जारी कर परियोजना का कार्य लगभग पूर्ण होना बताकर आउटलेट देने में असमर्थता व्यक्त कर दी, जिसके बाद क्षेत्रवासी अपने आप को ठगा महसूस करने लगे और क्षेत्र में कम वर्षा की स्थिति और आगामी जल संकट के मद्देनजर पुनः एकजुट होकर दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक मीटिंग की और तय किया गया कि आगामी 16 तारीख से अपनी वाजिब मांगों के लिए अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दी गई।
इतना कुछ हो जाने के बाद पूर्व विधायक कहते हैं कि उन्हें खवासा के बड़े तालाब के बारे में जानकारी नहीं थी, जबकि वे स्वयं इस क्षेत्र के दो बार विधायक रह चुके हैं और खवासा क्षेत्र की समस्या वर्षों पुरानी है। बावजूद इसके, पूर्व विधायक को इस बारे में कुछ पता नहीं है। यही नहीं, क्षेत्र में हलचल के बाद अचानक वे खवासा क्षेत्र की समस्या के निदान का दावा कर रहे हैं और उसकी समय सीमा भी उन्होंने एक वर्ष बताई है, जिसको लेकर क्षेत्र में चर्चा है कि अगर वे एक वर्ष में इस समस्या के समाधान का दावा कर रहे हैं, तो इतने वर्षों से वो कहाँ थे? यही नहीं, वो वोट मांगने न आने की बात भी कह रहे हैं। इस पर क्षेत्र में चर्चा है कि भाजपा की रणनीति ऐन वक्त तक पता नहीं चलती है, तो कलसिंह भाभर का टिकट 2028 के लिए अभी से तय हो चुका है? कई लोगों का कहना है कि हाल ही में दतिया उपचुनाव में कभी सरकार में नम्बर 2 की हैसियत रखने वाले पूर्व मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा तक को टिकट, चुनावी फॉर्म खरीदने के बाद भी नहीं मिला, तो क्या कलसिंह भाभर का टिकट अभी से तय है..?
