माही की गूंज, झाबुआ।
झाबुआ से इंदौर बैंक मीटिंग में शामिल होने जा रहे स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस बैंक के दो ब्रांच मैनेजरों की सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार रात इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित नावदापंथ ब्रिज के पास तेज रफ्तार क्रेन की टक्कर से रोहित मीणा और नौशाद खान की जान चली गई। हादसे की खबर से झाबुआ में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक शुक्रवार को अपने दो अन्य साथियों के साथ अलग-अलग बाइकों से झाबुआ से इंदौर के लिए रवाना हुए थे। रात करीब 9 बजे नावदापंथ ब्रिज के पास उनके दो साथी पीछे रह गए। इस पर रोहित और नौशाद सड़क किनारे बाइक खड़ी कर उनका इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक रोहित मीणा सुगांव निवासी थे, जबकि नौशाद खान शाजापुर जिले के करई के पास स्थित एक गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद दोनों के शव अस्पताल पहुंचाए गए, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
दोनों युवक स्वतंत्र माइक्रोफाइनेंस बैंक में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। नौकरी के सिलसिले में घर से निकले दोनों युवकों की अचानक मौत की खबर से उनके परिजनों, सहकर्मियों और परिचितों में शोक व्याप्त है। परिवार के जिम्मेदार सदस्यों के इस तरह चले जाने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इस दुखद घटना से बैंक से जुड़े कर्मचारियों में भी शोक की लहर है।


