माही की गूंज, जोबट।
जिले के जोबट थाना क्षेत्र में पिछले दिनों डॉक्टर के इलाज से एक ग्रामीण महिला झमकु बाई पति नानबु ग्राम चोहली की मौत हो गई थी जिसको लेकर आदिवासी समाज ने जोबट पुलिस थाने का घेराव किया था। मामले में जोबट थाने पर आरोपी डॉक्टर अमित जोशी एवं शरद जोशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसमें बीएनएस की धारा 2023, 105, 319/2 3/5 के तहत दिनांक 14 दिसम्बर 2025 को एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन उसके बाद आज दिनांक तक दोनों आरोपी डॉक्टर को जोबट पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई जिसको लेकर आदिवासी समाज में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
भील सेना संगठन संस्थापक की चेतावनी
वहीं इस मामले में भील सेना संगठन और आदिवासी समाज ने पुलिस की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि, आदिवासी समाज की महिला की मौत के मामले में पुलिस प्रशासन अभी तक आरोपियों को क्यों नहीं पकड़ पाया है। क्योंकी मामला आदिवासी समाज की महिला की गलत इलाज से मौत से जुड़ा हुआ है, वहीं अब भील सेना संगठन संस्थापक शंकर बामनिया ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि, अगर सोमवार तक आरोपी डॉक्टरों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आने वाले गुरूवार को आदिवासी समाज और भील सेना संगठन जोबट नगर बंद करके पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन करेंगे जिसकी समस्त जवाबदेही प्रशासन की रहेगी।
