माही की गूंज, थांदला।
गांधी जयंती के अवसर पर नगर परिषद एवं लायंस क्लब थांदला के संयुक्त तत्वावधान में नगर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्थानीय बस स्टैंड, पेटलावद रोड, तहसील कार्यालय परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई कर स्वच्छ भारत दिवस एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अनुविभागीय अधिकारी भास्कर गांचले, तहसीलदार सुकदेव डावर, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सुनील पणदा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश जायसवाल, वरिष्ठ पार्षद एवं भाजपा नेत्री श्रीमती माया सचिन सोलंकी, श्रीमती धापूबाई वसुनिया तथा लायंस क्लब अध्यक्ष ओमप्रकाश बजाज के आतिथ्य में हुआ।
इस अवसर पर एसडीएम भास्कर गांचले ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकार और समाज के हर वर्ग को एक साथ जोड़कर स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाना है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने का आह्वान किया।
अभियान के तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और पार्कों में श्रमदान कर सफाई की गई। केंद्र सरकार के आह्वान पर “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” कार्यक्रम के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सामूहिक श्रमदान किया।
स्वच्छता जागरूकता के तहत स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में नागरिकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा न फैलाने की शपथ दिलाई गई। वहीं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए वार्ड क्रमांक 1 के दो उद्यानों में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया।
स्वच्छता अभियान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाईमित्रों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य परीक्षण हेतु शिविर भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम में नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी यसदीप अरोरा, धनजी राणा, अमित त्रिवेदी सहित सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। लायंस क्लब थांदला के पदाधिकारी प्रशांत उपाध्याय, दिनकर वाजपेई, सावन गर्ग, पीएस मुनिया, बलवंत नायक एवं सुधीर शर्मा सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन यसदीप अरोरा एवं सुधीर शर्मा ने किया। अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश जायसवाल एवं लायंस क्लब अध्यक्ष ओमप्रकाश बजाज ने सभी का आभार व्यक्त किया।
