बैंड-बाजे की धुन पर झूमे ग्रामीण, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
माही की गूंज भामल/खवासा।
अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर गांव में गणेश विसर्जन का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। गांव के बीचों बिच श्री राम मंदिर पर पर विराजमान गणेश प्रतिमा के विसर्जन से पूर्व पूरे गांव में भव्य जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। जैसे ही गणेश प्रतिमा जुलूस के रूप में गांव की गलियों से निकली, जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान गणेश का स्वागत किया।
जुलूस में बैंड-बाजे और ढोल की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। युवा, बच्चे और बुजुर्ग सभी गणपति की भक्ति में रंगे दिखाई दिए। पूरे मार्ग में गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
जुलूस गांव के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने गणेश प्रतिमा का स्वागत करते हुए आरती की और प्रसाद वितरित किया। धार्मिक वातावरण के बीच पूरा गांव गणपति की भक्ति में सराबोर नजर आया।
भव्य जुलूस के दौरान श्रद्धालु गणेश जी की प्रतिमा को लेकर गांव के बड़े तालाब तक पहुंचे। यहां विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धा और भावुक माहौल के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के समय श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ अगले वर्ष फिर से गणेश जी के आगमन की कामना की।
अनंत चतुर्दशी का यह आयोजन गांव में आपसी भाईचारे, धार्मिक आस्था और उत्साह का संदेश देता नजर आया। पूरे आयोजन के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा और गणेशोत्सव का समापन भक्तिमय वातावरण में हुआ।

