माही की गूंज, राणापुर।
राणापुर क्षेत्र में लूट की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्रीतेश पांचाल (20 वर्ष), निवासी कुंदनपुर, तारखेड़ी से झाबुआ होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनका पीछा किया और मोद नदी के पुल के पास सुनसान स्थान पर उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने युवक के हाथ में पहना चांदी का कड़ा जबरन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल युवक ने अपने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
