पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या का मामला दर्ज, लूट के इरादे से हुई थी वारदात
माही की गूंज ,पेटलावद।
गत सप्ताह ग्राम कोदली में हुई घटना को लेकर पुलिस का संदेह था कि, मामले में कोई दुर्घटना है कि कोई योजना बद्ध तरीके से किया हुआ अपराध...? मामले में एक मासूम की मौत हो गई थी। जबकि दादी गंभीर घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। घटना स्थल की स्थिति देख कर किसी अनहोनी वारदात का होने की आशंका थी। मृतक मासूम की पीएम रिपोर्ट आने के बाद मासूम की हत्या होने की पुष्टि हुई जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पेटलावद थाना क्षेत्र के ग्राम कोदली में हुई सनसनीखेज वारदात को एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। 5 मई की दोपहर हुई इस रूह कंपकपा देने वाली घटना में जहां 6 वर्षीय मासूम उत्कर्ष की जान चली गई। वहीं उसकी 55 वर्षीय दादी रमिला बाई जीवन और मौत के बीच जूझ रही हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अब हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपियों का सुराग लगाने में अब तक नाकाम रही है। ग्राम कोदली में हुई यह वारदात लूट और हत्या के दोहरे इरादे से की गई प्रतीत होती है। घटना वाले दिन परिवार के मुखिया कुशल सिंह नायक और अन्य परिजन गुजरात के संतरामपुर (बलैया) में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पर केवल बुजुर्ग महिला रमिला बाई और उनका पोता उत्कर्ष अकेले थे। दोपहर करीब 2 बजे अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर दोनों पर फावड़े से ताबड़तोड़ हमला किया। हमला इतना बर्बर था कि मासूम उत्कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई और रमिला बाई की आंखें तक बाहर निकल आईं। दोपहर 3 बजे जब घटना की जानकारी लगी, तो पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।परिजनों के अनुसार, मासूम उत्कर्ष अपने माता-पिता के साथ काकनवानी में रहता था और पहली कक्षा का छात्र था। वह 25 अप्रैल को ही अपनी छुट्टियां बिताने दादा-दादी के पास कोदली आया था। जाते समय उसने अपने दादा से फल लाने की जिद भी की थी, लेकिन किसे पता था कि यह मासूम की आखिरी इच्छा होगी। पिता शैलेंद्र नायक की काकनवानी में कीटनाशक की दुकान है। फिलहाल घायल महिला रमिला बाई का इलाज बड़ोदरा में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। लूट के विवरण को लेकर कुशल सिंह नायक ने बताया कि, आरोपियों ने अलमारी का एक लॉक तोड़ा, जिसमें से लगभग 27 ग्राम की सोने की चेन व अंगूठी और महिला के 20 ग्राम के टॉप्स गायब हैं। चोरी गई इन ज्वेलरी की कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है। हालांकि, अलमारी में रखी नगदी ले जाने में आरोपी सफल नहीं हो सके। पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की धारा 103 (2) एवं 109 (1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इस पूरे मामले में एसडीओपी अनुरक्ति सबनानी का कहना है कि, पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और हर संदिग्ध बिंदु पर बारीकी से जांच की जा रही है। ग्रामीणों में इस दिनदहाड़े हुई वारदात को लेकर भारी आक्रोश है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन दिया है, लेकिन फिलहाल अपराधी पुलिस की पहुंच से दूर हैं। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में भय व्याप्त है।
उधर थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया ने बताया कि, घायल महिला फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। वही पुलिस, अपराधियों तक पहुंचने की पूरी कोशिश में लगी है।

